Edited By Radhika,Updated: 17 Jun, 2025 11:08 AM

उत्तराखंड हेलिकॉप्टर हादसे में शहीद हुए जयपुर के पायलट राजवीर सिंह चौहान को आज अंतिम विदाई दी गई। राजवीर सिंह चौहान लेफ्टिनेंट कर्नल (रिटायर) थे। उनकी अंतिम यात्रा में पत्नी लेफ्टिनेंट कर्नल दीपिका चौहान के साथ राजस्थान के मंत्री राज्यवर्धन सिंह...
नेशनल डेस्क: उत्तराखंड हेलिकॉप्टर हादसे में शहीद हुए जयपुर के पायलट राजवीर सिंह चौहान को आज अंतिम विदाई दी गई। राजवीर सिंह चौहान लेफ्टिनेंट कर्नल (रिटायर) थे। उनकी अंतिम यात्रा में पत्नी लेफ्टिनेंट कर्नल दीपिका चौहान के साथ राजस्थान के मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ भी शामिल हुए।
राजवीर सिंह चौहान: एक वीर सैनिक को अंतिम नमन
रविवार को उत्तराखंड में हुए हेलिकॉप्टर हादसे में जयपुर के पायलट राजवीर सिंह चौहान शहीद हो गए। मंगलवार को जयपुर के शास्त्री नगर में पूरे सैनिक सम्मान के साथ उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई। इस हृदय विदारक क्षण में उनकी पत्नी, लेफ्टिनेंट कर्नल दीपिका चौहान, अपनी सैन्य वर्दी में पति की तस्वीर थामे हुए थीं, उनकी आँखें नम थीं लेकिन चेहरे पर गर्व भी झलक रहा था। राजवीर कुछ ही महीने पहले जुड़वा बच्चों के पिता बने थे।
<
>
राज्यवर्धन राठौड़ ने दी श्रद्धांजलि
राजस्थान के मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने पायलट राजवीर सिंह चौहान को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, "वह बहुत कम उम्र में हमें छोड़कर चले गए। मैं उनके साथियों से बात कर रहा था और उनकी तारीफ सुन रहा था। मैं ऐसे वीर सैनिक को नमन करता हूं। इन सबके बावजूद मां की ताकत देखिए, उन्होंने ‘वंदे मातरम’, ‘भारत माता की जय’ का नारा लगाया, ऐसी माताओं की वजह से ही हमारा भारत मजबूत है. वह एक मजबूत और गजब के अधिकारी थे। वह अपने पीछे 2 बच्चे छोड़ गए हैं। भगवान शोक संतप्त परिवार को दुख सहने की शक्ति दे।”
हादसे का विवरण
केदारनाथ के पास रविवार को एक निजी कंपनी का हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें पायलट राजवीर चौहान सहित 7 लोगों की मौत हो गई थी. राजवीर सिंह चौहान ने भारतीय सेना में 15 साल से अधिक समय तक सेवा दी थी और उन्हें विभिन्न चुनौतीपूर्ण उड़ान मिशनों का गहरा अनुभव था। पिछले साल अक्टूबर में ही, 37 वर्षीय राजवीर आर्यन एविएशन प्राइवेट लिमिटेड से पायलट के रूप में जुड़े थे। उनके पिता गोविंद सिंह को हादसे की जानकारी उनके सहयोगी से मिली थी।
शोक व्यक्त करने वाले गणमान्य व्यक्ति
राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस दुखद हेलिकॉप्टर हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। राजभवन के प्रवक्ता के अनुसार, राज्यपाल बागडे ने ईश्वर से राजस्थान के पायलट सहित सभी अन्य श्रद्धालुओं की पुण्यात्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।