Edited By Seema Sharma,Updated: 30 May, 2023 08:30 AM

महाराष्ट्र के इकलौते कांग्रेस सांसद बालू धानोरकर का दिल्ली में निधन हो गया। 48 वर्षीय बालू धानोरकर का दिल्ली के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनके पार्थिव शरीर को आज दोपहर दो बजे वरोरा लाया जाएगा।
नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के इकलौते कांग्रेस सांसद बालू धानोरकर का दिल्ली में निधन हो गया। 48 वर्षीय बालू धानोरकर का दिल्ली के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनके पार्थिव शरीर को आज दोपहर दो बजे वरोरा लाया जाएगा। महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता अतुल लोंधे ने बताया कि धानोरकर पिछले तीन दिनों से दिल्ली के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। कुछ दिन पहले ही उनका किडनी स्टोन का ऑपरेशन किया गया था। इसी के बाद उनकी हालत खराब होना शुरू हो गई थी।
बालू उर्फ सुरेश धनोरकर चंद्रपुर से सांसद थे। मिली जानकारी के मुताबिक नागपुर में हालत गंभीर होने के बाद बालू को रविवार को एयर एंबुलेंस से दिल्ली के वेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया गया। पिछले दो दिन से उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। मंगलवार तड़के उनका निधन हो गया। वहीं चार दिन पहले उनके पिता का निधन हो गया था। अस्पताल में भर्ती होने के कारण वे अपने पिता के अंतिम संस्कार में भी नहीं जा पाए थे। उनकी पत्नी प्रतिभा धनोरकर वरोरा विधानसभा से विधायक हैं।
4 मई 1975 को यवतमाल जिले में जन्मे धानोरकर के राजनीतिक जीवन की शुरुआत शिवसेना से हुई थी। पार्टी के कई बड़े पदों पर काम करने के बाद 2009 में शिवसेना से पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ा लेकिन उनकी बहुत कम वोटों के अंतर से वह हार गए। 2014 में भद्रावती वरोरा से शिवसेना के विधायक बने, इसके बाद 2019 में उन्होंने शिवसेना से इस्तीफा दे दिया और कांग्रेस में शामिल हो गए। पार्टी ने उन्हें चंद्रपुर वाणी आर्णी से लोकसभा का चुनाव लड़ाया, वह सांसद चुने गए। वह महाराष्ट्र से एकमात्र कांग्रेस सांसद थे, पार्टी में उनकी मजबूत पकड़ थी।