Edited By Parveen Kumar,Updated: 14 Mar, 2026 06:38 PM

डिजिटल पेमेंट करने वाले करोड़ों यूजर्स के लिए बड़ी सुविधा शुरू हो गई है। अब PhonePe, Google Pay, Paytm और BHIM जैसे UPI ऐप्स से भुगतान करते समय हर बार पिन डालने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने इन ऐप्स के लिए...
नेशनल डेस्क : डिजिटल पेमेंट करने वाले करोड़ों यूजर्स के लिए बड़ी सुविधा शुरू हो गई है। अब PhonePe, Google Pay, Paytm और BHIM जैसे UPI ऐप्स से भुगतान करते समय हर बार पिन डालने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने इन ऐप्स के लिए बायोमैट्रिक ऑथेंटिकेशन फीचर को सक्रिय कर दिया है, जिससे यूजर्स फिंगरप्रिंट या फेस आईडी के जरिए भी पेमेंट कर सकेंगे।
एंड्रॉइड के बाद अब iPhone पर भी सुविधा
पहले यह सुविधा सीमित रूप से कुछ एंड्रॉइड UPI ऐप्स में उपलब्ध थी। लेकिन अब इसे iPhone यूजर्स के लिए भी जारी कर दिया गया है। रिपोर्ट के अनुसार शुरुआत में यह फीचर Amazon Pay और PhonePe के एंड्रॉइड वर्जन में दिया गया था। इस सिस्टम के जरिए यूजर्स बिना UPI पिन डाले 5,000 रुपये तक का भुगतान आसानी से कर सकेंगे। एंड्रॉइड स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वाले लोग फिंगरप्रिंट या फेस रिकग्निशन के जरिए ट्रांजैक्शन पूरा कर पाएंगे, जबकि iPhone यूजर्स फेस आईडी का उपयोग करके भुगतान कर सकेंगे।
ऐसे चालू करें यह फीचर
इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए सबसे पहले अपने फोन में मौजूद UPI ऐप को अपडेट करना जरूरी होगा। इसके बाद ऐप खोलकर बायोमैट्रिक पेमेंट या फेस आईडी से भुगतान वाले विकल्प को ढूंढना होगा।
फिर उस बैंक खाते का चयन करना होगा, जिसके लिए आप यह सुविधा सक्रिय करना चाहते हैं। प्रक्रिया पूरी करने के लिए एक बार UPI पिन दर्ज करना होगा। इसके बाद बायोमैट्रिक विकल्प चालू हो जाएगा और अगली बार भुगतान करते समय पिन की जगह फिंगरप्रिंट या फेस आईडी से पेमेंट किया जा सकेगा।
क्या होगा फायदा
NPCI के मुताबिक इस फीचर के आने से डिजिटल लेन-देन और तेज व सुविधाजनक हो जाएगा। खासकर छोटे भुगतान करते समय यूजर्स को बार-बार पिन टाइप करने की झंझट नहीं होगी। संस्था का कहना है कि रोजाना होने वाले UPI ट्रांजैक्शन का बड़ा हिस्सा 5,000 रुपये से कम का होता है। ऐसे में अब लोग केवल राशि दर्ज करके अपने फोन के बायोमैट्रिक सिस्टम की मदद से तुरंत पेमेंट कर सकेंगे, जिससे डिजिटल भुगतान और भी आसान बन जाएगा।