Edited By Tanuja,Updated: 04 Dec, 2023 01:14 PM

पाकिस्तान ने हर दिन दस हजार अवैध अप्रवासियों को अफगानिस्तान भेजने का फैसला किया है। अवैध अफगानों को देश से निकालने के इस....
इस्लामाबादः पाकिस्तान ने हर दिन दस हजार अवैध अप्रवासियों को अफगानिस्तान भेजने का फैसला किया है। अवैध अफगानों को देश से निकालने के इस अभियान के तहत पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत से दो दिसंबर तक कुल 253,068 लोग वापस अफगानिस्तान लौट आए हैं। एआरवाई न्यूज ने रविवार को बताया कि अफगानों सहित कम से कम 4,02,312 अवैध विदेशियों को अब तक पाकिस्तान से उनके गृह देशों में वापस भेज दिया गया है। इसमें बताया गया कि पाकिस्तान में बिना दस्तावेज वाले विदेशी नागरिकों की स्वदेश वापसी की प्रक्रिया जारी है।
रेडियो पाकिस्तान ने बताया, "हजारों अफगान चमन और तोरखम सीमाओं के माध्यम से दैनिक आधार पर अपने वतन लौट रहे हैं और पाकिस्तान को उसकी उदारता के लिए धन्यवाद दे रहे हैं।" पाकिस्तानी मीडिया आउटलेट ने खैबर पख्तूनख्वा गृह विभाग का हवाला देते हुए बताया कि 248,890 अप्रवासियों को तोरखम से, 3,479 लोगों को अंगोर अड्डा वजीरिस्तान और 698 लोगों को खरलाची कुर्रम जिले से वापस भेजा गया है। इसके अलावा इस्लामाबाद से 114, पंजाब से 873 और POK से 24 लोगों सहित कुल 5064 लोगों को खैबर पख्तूनख्वा के रास्ते से निर्वासित किया गया है।
इससे पहले कार्यवाहक प्रांतीय सूचना मंत्री जान अचकजई ने कहा था कि अवैध अप्रवासियों को किसी भी कीमत पर उनके देश वापस भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने हर दिन 10,000 अप्रवासियों को निर्वासित करने का लक्ष्य रखा है। एआरवाई न्यूज ने बताया कि अब तक 135,000 अवैध अप्रवासियों को अफगानिस्तान भेजा गया है। जान अचकजई ने कहा कि एक साल के दौरान विभिन्न बम हमलों और तोड़फोड़ की घटनाओं में अफगानी शामिल थे।