Edited By Pardeep,Updated: 03 Mar, 2026 11:10 PM

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की मौजूदा स्थिति पर बड़ा बयान दिया है। उनसे पूछा गया कि शनिवार को ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद देश में नया नेतृत्व कौन संभाल सकता है। इस पर ट्रंप ने साफ कहा कि उन्हें नहीं पता...
इंटरनेशनल डेस्कः अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की मौजूदा स्थिति पर बड़ा बयान दिया है। उनसे पूछा गया कि शनिवार को ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद देश में नया नेतृत्व कौन संभाल सकता है। इस पर ट्रंप ने साफ कहा कि उन्हें नहीं पता कि अगला नेता कौन होगा।
“सबसे बुरा हालात यह हो सकता है...”
ओवल ऑफिस (White House के कार्यालय) से बोलते हुए ट्रंप ने कहा, “सबसे बुरा हालात यह हो सकता है कि हम यह सब करें और फिर कोई ऐसा व्यक्ति सत्ता में आ जाए जो पहले वाले जितना ही बुरा हो। ऐसा हो सकता है।” उनका इशारा इस बात की ओर था कि अगर मौजूदा हालात के बाद नेतृत्व बदलता भी है, तो जरूरी नहीं कि नया नेता बेहतर ही साबित हो।
रेज़ा पहलवी पर क्या कहा?
ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि ईरान के आखिरी शाह के निर्वासित क्राउन प्रिंस Reza Pahlavi को सत्ता में लाने पर उनकी सरकार ने गंभीरता से विचार नहीं किया है। रेज़ा पहलवी कई सालों से विदेश में रह रहे हैं और ईरान में शासन परिवर्तन के समर्थक माने जाते हैं, लेकिन ट्रंप के मुताबिक उनका प्रशासन उन्हें संभावित नेता के तौर पर आगे बढ़ाने की योजना नहीं बना रहा है।
'अंदर का ही कोई व्यक्ति बेहतर विकल्प'
ट्रंप ने सुझाव दिया कि अमेरिका-इज़राइल अभियान पूरा होने के बाद ईरानी शासन के “अंदर का ही कोई व्यक्ति” सत्ता संभालने के लिए बेहतर विकल्प हो सकता है। उनका मानना है कि सिस्टम के भीतर का व्यक्ति देश की संरचना, प्रशासन और राजनीतिक हालात को बेहतर समझता होगा, जिससे अचानक अराजकता की स्थिति से बचा जा सकता है।
बढ़ती अनिश्चितता
ईरान में सर्वोच्च नेता की मौत के बाद नेतृत्व को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है। इस बीच अमेरिका और इज़राइल की सैन्य कार्रवाई तथा ईरान की जवाबी प्रतिक्रिया से क्षेत्र में तनाव चरम पर है। ट्रंप के बयान से यह साफ है कि अमेरिका सीधे तौर पर किसी बाहरी चेहरे को आगे बढ़ाने के पक्ष में नहीं दिख रहा, बल्कि वह ऐसी स्थिति चाहता है जिसमें ईरान के भीतर से ही नया नेतृत्व उभरे।