Gold Silver Price: डॉलर में गिरावट से सोना-चांदी के दामों में जबरदस्त बढ़ोतरी, क्या बनाएंगे नए रिकॉर्ड?

Edited By Updated: 04 Feb, 2026 09:02 PM

gold and silver prices rise on weak dollar and middle east tensions

दिल्ली में बुधवार को सोना और चांदी की कीमतों में तेज़ी जारी रही। 99.9% शुद्ध सोना 1.65 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 2.98 लाख रुपए प्रति किलोग्राम तक पहुँच गई। डॉलर की कमजोरी और मध्य-पूर्व में भू-राजनीतिक तनाव ने इस उछाल को बढ़ावा दिया।...

नेशनल डेस्कः देश की राजधानी दिल्ली में बुधवार को सोने और चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन तेज़ी देखने को मिली। इस दौरान चांदी का भाव बढ़कर 2.98 लाख रुपए प्रति किलोग्राम पहुँच गया, जबकि सोना 1.65 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करने लगा। कारोबारियों का कहना है कि वैश्विक बाजार में मजबूती और डॉलर की कमजोरी ने इस तेजी में अहम भूमिका निभाई है। 

विशेषज्ञों के अनुसार, डॉलर इंडेक्स में गिरावट और मध्य-पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव ने सोने और चांदी की कीमतों में तेजी को बढ़ावा दिया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी में उछाल देखा जा रहा है, जिससे दिल्ली के सर्राफा बाजार में भी रिकार्ड स्तर पर दाम बढ़े। पिछले दो दिनों में चांदी में 38,300 रुपए प्रति किलोग्राम और सोने में 12,400 रुपए प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

दिल्ली में दामों का हाल
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी के दाम 14,300 रुपए या 5.03 प्रतिशत बढ़कर 2,98,300 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गए। मंगलवार को चांदी का भाव 2,84,000 रुपए प्रति किलोग्राम था। वहीं 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 7,400 रुपए या 4.69 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,65,100 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुँच गया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थिति
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हाजिर चांदी 4.28 डॉलर या 5.03 प्रतिशत बढ़कर 89.35 डॉलर प्रति औंस हो गई। सोने का भाव 100.03 डॉलर या 2.02 प्रतिशत बढ़कर 5,047.07 डॉलर प्रति औंस रिकॉर्ड किया गया। लेमन मार्केट्स के शोध विश्लेषक गौरव गर्ग ने बताया कि सोने की कीमतें तीन प्रतिशत से अधिक और चांदी में छह प्रतिशत तक का उछाल देखा गया।

एमसीएक्स में भी तेजी
देश के वायदा बाजार मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी सोना और चांदी की कीमतों में तेजी का माहौल रहा। सोना कारोबारी सत्र में 6,946 रुपए प्रति 10 ग्राम की बढ़त के साथ 1,60,755 रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया, जबकि शाम 7:10 बजे यह 1,59,251 रुपए प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा था। चांदी में 18,291 रुपए की तेजी के साथ दाम 2,87,139 रुपए प्रति किलोग्राम तक पहुँच गए, और शाम 7:10 बजे 2,86,331 रुपए पर कारोबार हो रहा था।

विशेषज्ञों की राय
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव से सुरक्षित निवेश के लिए सोने और चांदी की मांग में इजाफा हुआ है। गांधी ने बताया कि इस टकराव ने अमेरिका-ईरान के बीच आगामी परमाणु वार्ता की उम्मीदों को कमजोर किया है और निवेशकों की चिंता बढ़ी है, जिससे सोने पर जोखिम प्रीमियम और सुरक्षित निवेश के विकल्प के रूप में मांग बढ़ रही है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!