Edited By Rohini Oberoi,Updated: 20 Mar, 2026 04:41 PM

अगर आप भी मैट्रिमोनियल ऐप्स पर जीवनसाथी तलाश रहे हैं तो सावधान हो जाइए। लखनऊ के जानकीपुरम में रहने वाले एक सरकारी स्कूल शिक्षक को ऑनलाइन प्यार की तलाश इतनी भारी पड़ी कि उन्होंने अपनी जिंदगी भर की जमा-पूंजी यानी 49 लाख रुपये गंवा दिए। 'ईशा देसाई' नाम...
Matrimonial App Romance Scam : अगर आप भी मैट्रिमोनियल ऐप्स पर जीवनसाथी तलाश रहे हैं तो सावधान हो जाइए। लखनऊ के जानकीपुरम में रहने वाले एक सरकारी स्कूल शिक्षक को ऑनलाइन प्यार की तलाश इतनी भारी पड़ी कि उन्होंने अपनी जिंदगी भर की जमा-पूंजी यानी 49 लाख रुपये गंवा दिए। 'ईशा देसाई' नाम की एक फर्जी प्रोफाइल के जाल में फंसकर शिक्षक अब पुलिस के चक्कर काट रहे हैं।
मैट्रिमोनियल ऐप से शुरू हुई फर्जी प्रेम कहानी
घटना की शुरुआत 20 जून 2025 को हुई जब शिक्षक की मुलाकात मैट्रिमोनियल ऐप पर ईशा देसाई नाम की महिला से हुई। महिला ने खुद को मुंबई की एक सफल 'टेक्सटाइल कारोबारी' बताया। धीरे-धीरे बातों का सिलसिला बढ़ा और गुड मॉर्निंग से लेकर गुड नाइट तक के मैसेज ने शिक्षक का भरोसा जीत लिया। शिक्षक को लगा कि उन्हें एक आत्मनिर्भर और समझदार जीवनसाथी मिल गया है।
प्यार के बीच ट्रेडिंग की एंट्री
भरोसा जीतने के बाद महिला ने अपनी चाल चली। उसने बातों-बातों में जिक्र किया कि वह ट्रेडिंग से मोटा मुनाफा कमाती है। सबूत के तौर पर उसने फर्जी प्रॉफिट स्क्रीनशॉट्स साझा किए। महिला ने एक लिंक भेजकर शिक्षक को छोटा निवेश करने को कहा। शुरुआत में निवेश करने पर शिक्षक को स्क्रीन पर मुनाफा दिखने लगा (जो कि वास्तव में फर्जी था)। मुनाफे के लालच और होने वाली पत्नी के भरोसे में आकर शिक्षक ने 6 महीनों के भीतर अलग-अलग खातों में कुल 49 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
यह भी पढ़ें: Unique Tradition: यहां ससुर की गोद में 11 बार बैठती है दुल्हन! इस अनोखी रस्म के बिना अधूरी है शादी
जब 1 करोड़ का लालच देकर मांगे 33 लाख
असली मोड़ तब आया जब शिक्षक ने अपने पैसे निकालने की कोशिश की। सिस्टम ने उन्हें 1 करोड़ रुपये का मुनाफा दिखाया लेकिन साथ ही एक शर्त रख दी—पैसे निकालने के लिए 33 लाख रुपये का टैक्स जमा करना होगा। जब शिक्षक ने और पैसे देने से मना किया तो प्यारी ईशा का लहजा बदल गया। वह प्यार की जगह ED के नोटिस और कानूनी कार्रवाई की धमकियां देने लगी।
पुलिस की जांच और चेतावनी
धमकियों से डरे शिक्षक ने जब पड़ताल की तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने तुरंत लखनऊ साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच में पता चला कि यह एक रोमांस स्कैम है जहां ठग पहले भावनाओं से खेलते हैं और फिर फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लूट लेते हैं।