Cyclone Alert:  चक्रवात का कहर, IMD ने जारी किया भारी बारिश का रेड अलर्ट, उत्तर भारत में अगले 48 घंटे के दौरान गिरेगा तापमान

Edited By Updated: 23 Oct, 2025 08:03 AM

tamil nadu rain alert red zone state cyclone alert bengal red alert heavy r

देश के कई हिस्सों में मौसम का मिज़ाज तेजी से करवट ले रहा है। बंगाल की दक्षिणी खाड़ी के ऊपर एक संभावित चक्रवातीय प्रणाली बनने के संकेत मिल रहे हैं, जिससे दक्षिण भारत में भारी बारिश की शुरुआत हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार, यह प्रणाली धीरे-धीरे...

नई दिल्लीः देश के कई हिस्सों में मौसम का मिज़ाज तेजी से करवट ले रहा है। बंगाल की दक्षिणी खाड़ी के ऊपर एक संभावित चक्रवातीय प्रणाली बनने के संकेत मिल रहे हैं, जिससे दक्षिण भारत में भारी बारिश की शुरुआत हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार, यह प्रणाली धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगी और आज दोपहर तक यह दक्षिण-पश्चिम तथा उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में डिप्रेशन के रूप में विकसित हो सकती है। इसका असर अगले कुछ दिनों तक तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तेलंगाना के कई इलाकों में देखने को मिलेगा।

तमिलनाडु में रेड अलर्ट, चेन्नई ऑरेंज जोन में
मौसम विभाग ने तमिलनाडु के आठ जिलों — विल्लुपुरम, कुड्डालोर, नागपट्टिनम, मयिलादुथुराई, तिरुवल्लूर, तंजावुर, पुडुकोट्टई और रामनाथपुरम — में भारी वर्षा की चेतावनी जारी करते हुए रेड अलर्ट घोषित किया है। राजधानी चेन्नई को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है, जहां लगातार दूसरे दिन झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ। कई स्थानों पर स्कूल और कॉलेज बंद करने पड़े हैं। मौसम विभाग ने चेताया है कि चेन्नई, कांचीपुरम, तिरुवरुर, तिरुवन्नामलाई, कल्लाकुरिची और कराईकल जैसे क्षेत्रों में आज भी तेज़ बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।

अगले 48 घंटे दक्षिण भारत में भारी बारिश
23 से 28 अक्टूबर के बीच दक्षिणी राज्यों — तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और केरल — में व्यापक वर्षा की संभावना जताई गई है। इन राज्यों में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश जारी रह सकती है। साथ ही, ओडिशा में 23 से 26 अक्टूबर के दौरान और मध्य प्रदेश, विदर्भ व छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश की आशंका है।

राजस्थान में बदला मौसम, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर
उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण राजस्थान के मौसम में भी बदलाव दर्ज किया गया है। जयपुर समेत कई जिलों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश के संकेत मिले हैं। पटाखों के धुएं और बादलों की मौजूदगी से तापमान में करीब दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, 25 से 28 अक्टूबर के बीच कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और छिटपुट वर्षा हो सकती है, जबकि शेष इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा।

उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड
उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान धीरे-धीरे नीचे जाने लगा है। अगले 48 घंटे में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट का अनुमान है। इससे पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में ठंड का असर महसूस होने लगेगा।

दिल्ली का हाल
राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज भी दिल्ली में आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे और तापमान करीब 32 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। प्रदूषण के स्तर में भी हल्की वृद्धि दर्ज की गई है।

हिमाचल में ताज़ा बर्फबारी
उत्तर भारत की पहाड़ियों में भी सर्दी की दस्तक शुरू हो गई है। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति और मनाली के ऊँचे इलाकों में ताज़ा बर्फबारी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिले हुए हैं क्योंकि बर्फबारी के चलते अब पर्यटकों की आमद बढ़ने की उम्मीद है। शिमला में भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई है।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!