Edited By Anu Malhotra,Updated: 16 Oct, 2025 08:45 AM

त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ ही देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिज़ाज बदलता नजर आ रहा है। जहां उत्तर भारत के कई हिस्सों में मॉनसून की विदाई के बाद अब ठंड धीरे-धीरे अपने पांव पसार रही है, वहीं दक्षिण भारत में बारिश की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले...
नेशनल डेस्क: त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ ही देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिज़ाज बदलता नजर आ रहा है। जहां उत्तर भारत के कई हिस्सों में मॉनसून की विदाई के बाद अब ठंड धीरे-धीरे अपने पांव पसार रही है, वहीं दक्षिण भारत में बारिश की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही। मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट बताती है कि आने वाले दिनों में देश भर में मौसम का मूड कैसे रहेगा।
दक्षिण भारत में भारी बारिश की संभावना
तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के तटीय इलाकों में 16 से 20 अक्टूबर तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार इन राज्यों में बारिश आगामी कुछ दिनों तक रौद्र रूप ले सकती है। स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि निचले इलाकों में जलभराव और भूस्खलन जैसी घटनाओं की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
दिल्ली में फिलहाल राहत, ठंड की हल्की दस्तक
देश की राजधानी दिल्ली में गुरुवार (16 अक्टूबर) को मौसम साफ और शुष्क रहेगा। बारिश की कोई चेतावनी नहीं दी गई है। हालांकि न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जो इस बात का संकेत है कि धीरे-धीरे ठंड अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही है।
उत्तर प्रदेश में बदलने लगा मौसम का मिजाज
यूपी के कई जिलों में अब सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस की जाने लगी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश में उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रवाह शुरू हो गया है, जिसकी वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
लखनऊ में आज मौसम सामान्य रहेगा। यहां
न्यूनतम तापमान: 20°C
अधिकतम तापमान: 32°C
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के मौसम विशेषज्ञ प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि दिवाली के बाद ठंड में तेजी आएगी और रातें सर्द हो जाएंगी।
बिहार में बादल छाए, बारिश की उम्मीद नहीं
बिहार के अधिकांश जिलों में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। पटना, सिवान, सारण, भोजपुर, बेगूसराय, दरभंगा और समस्तीपुर में तापमान थोड़ी गर्मी का एहसास करा सकता है। बता दें कि जुलाई-अगस्त में हुई भीषण बारिश के कारण बिहार के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए थे, जिससे अब लोग राहत की उम्मीद कर रहे हैं।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में पूरी तरह साफ मौसम
राजस्थान और मध्य प्रदेश दोनों राज्यों में आज के दिन किसी भी प्रकार की बारिश की संभावना नहीं है।
सभी जिले ग्रीन जोन में हैं
मौसम रहेगा साफ और शुष्क
दिवाली के समय तक मौसम में कोई बड़ी तब्दीली की संभावना नहीं है
उत्तराखंड में मौसम सामान्य
उत्तराखंड में भी कोई चेतावनी या अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालाँकि, बीते दिनों हुई भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं ने कई लोगों की जान ली थी, इसलिए लोगों से अब भी सतर्क रहने की अपील की गई है।
क्या कहना है IMD का?
मौसम विभाग की ओर से साफ किया गया है कि दक्षिण भारत में अब भी मॉनसून सक्रिय है, जबकि उत्तर भारत में धीरे-धीरे शरद ऋतु का आगमन हो रहा है। दिवाली के बाद उत्तरी राज्यों में तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी।