Edited By Shubham Anand,Updated: 23 Dec, 2025 06:33 PM

उत्तर प्रदेश के अमरोहा की एक युवती की मौत लंबे समय तक फास्ट फूड खाने के कारण हुई। लगातार जंक फूड खाने से उसकी आंतों में सूजन और छोटे-छोटे छेद बन गए थे। बैक्टीरिया फैलने से गंभीर संक्रमण और सेप्सिस हो गया। विशेषज्ञों ने चेताया है कि फास्ट फूड का अधिक...
नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले की रहने वाली एक युवती की मौत हाल ही में फास्ट फूड खाने के कारण हुई। जानकारी के अनुसार, लड़की कई सालों से जंक फूड का सेवन कर रही थी, जिससे उसकी आंतों में गंभीर संक्रमण और छोटे-छोटे छेद विकसित हो गए थे। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया, लेकिन वहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
फास्ट फूड सेहत के लिए क्यों खतरनाक
फास्ट फूड या जंक फूड में आमतौर पर मैदा, तेल, रिफाइंड पदार्थ और केमिकल्स होते हैं। लंबे समय तक इस तरह का भोजन करने से पेट और आंतों को गंभीर नुकसान पहुँच सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, लगातार फास्ट फूड खाने से आंतों में सूजन और इंफेक्शन हो सकता है। कई मामलों में इसकी शुरुआत अल्सर से होती है, जिसे समय पर नियंत्रित न किया जाए तो यह शरीर के लिए गंभीर खतरा बन जाता है।
क्या फास्ट फूड से आंतों में छेद हो सकता है?
दिल्ली एम्स के गैस्ट्रोलॉजी विभाग के पूर्व डॉ. अनन्य गुप्ता ने बताया कि फास्ट फूड खाने से सीधे तौर पर आंतों में छेद नहीं होता। यह समस्या तब विकसित होती है जब व्यक्ति लंबे समय तक लगातार फास्ट फूड खाता है, विशेष रूप से यदि खाना खराब हो या उसमें बैक्टीरिया मौजूद हों।
शुरुआती दौर में फास्ट फूड से होने वाली परेशानी के लक्षण हल्के होते हैं। इनमें पेट दर्द, उल्टी और लिवर की परेशानियां शामिल हैं। धीरे-धीरे समस्या बढ़ती है और अल्सर बनता है। इसके बाद आंत की बाहरी परतों में छोटे-छोटे होल बन सकते हैं, जिनमें बैक्टीरिया पनपते हैं। यदि इन पर ध्यान न दिया जाए, तो बैक्टीरिया पूरे पेट में फैल सकते हैं और गंभीर संक्रमण का कारण बन सकते हैं।
बर्गर-चाऊमीन जैसी चीजें कैसे बन जाती हैं खतरा
डॉ. गुप्ता ने बताया कि आंतों में छोटे-छोटे छेद में बैक्टीरिया तेजी से फैल सकते हैं। इससे पेट में पस जमा हो जाता है, बीपी गिर सकता है और सेप्सिस जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसके चलते ऑर्गन फेल्योर हो सकता है, जो मौत का कारण बन सकता है। हालांकि यह हर मामले में नहीं होता, लेकिन यदि संक्रमण और ऑर्गन फेल्योर हो जाए तो गंभीर परिणाम सामने आते हैं।
ज्यादा रिस्क में कौन लोग हैं
विशेषज्ञों के अनुसार, जिन लोगों को पहले से अल्सर है उन्हें फास्ट फूड का सेवन गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। इसके अलावा जिन लोगों को फास्ट फूड खाने से एलर्जी या पेट संबंधी कोई समस्या होती है, उनके लिए भी जोखिम अधिक है।
किन लक्षणों को नजरअंदाज न करें
डॉ. गुप्ता ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को निम्न लक्षण महसूस हों तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए:
तेज पेट दर्द
उल्टी और दस्त
पेट में सूजन
बेहोशी या अत्यधिक कमजोरी