Edited By Sarita Thapa,Updated: 11 Mar, 2026 09:15 AM

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री माता चिंतपूर्णी मंदिर में आगामी चैत्र नवरात्र मेले 19 से 27 मार्च 2026 को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मां चिंतपूर्णी के दर्शनों के लिए चैत्र नवरात्र के दौरान लाखों...
Chintpurni Mandir news : हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री माता चिंतपूर्णी मंदिर में आगामी चैत्र नवरात्र मेले 19 से 27 मार्च 2026 को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मां चिंतपूर्णी के दर्शनों के लिए चैत्र नवरात्र के दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ते हैं। इस भारी भीड़ को व्यवस्थित करने और यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा से बचाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। एसडीएम अंब पारस अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के बाद व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।
श्री माता चिंतपूर्णी मंदिर चैत्र नवरात्र मेला एक्शन प्लान
पूरे मेला क्षेत्र को 4 सेक्टर में बांटा गया है। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी 350 से अधिक पुलिस और होमगार्ड जवानों के कंधों पर होगी। असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों को CCTV कैमरों से लैस किया गया है। श्रद्धालुओं की कतारों को व्यवस्थित करने के लिए अतिरिक्त बैरिकेडिंग की जाएगी। इस बार प्रशासन का मुख्य फोकस 'सुगम दर्शन' पर है, ताकि बुजुर्गों और बच्चों को भीड़ में परेशानी न हो।
आपातकालीन स्थिति के लिए चिंतपूर्णी अस्पताल में 24 घंटे चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। सफाई व्यवस्था के लिए अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई है और सुलभ इंटरनेशनल को स्वच्छता का विशेष जिम्मा सौंपा गया है। भारी वाहनों की पार्किंग के लिए भरवाईं क्षेत्र में विशेष प्रबंध किए गए हैं। पीडब्ल्यूडी विभाग को सड़कों की मरम्मत और पार्किंग स्थलों को समतल करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि जाम की स्थिति पैदा न हो। जल शक्ति विभाग को पीने के पानी के स्रोतों की क्लोरिनेशन करने और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है। बिजली विभाग को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष नियम
सुरक्षा कारणों से मंदिर के अंदर नारियल ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसे मुख्य द्वार से पहले ही जमा कर लिया जाएगा। यदि कोई संस्था लंगर लगाना चाहती है, तो उसे प्रशासन से पहले परमिट लेना अनिवार्य होगा और सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करना होगा। मेले के दौरान तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने पर रोक रहेगी।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ