Edited By Mehak,Updated: 28 Mar, 2026 04:56 PM

दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि पार्टी मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण के दौरान बूथ स्तर पर कड़ी निगरानी रखेगी। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता अपने वोट के अधिकार से वंचित न हो। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच...
नेशनल डेस्क : कांग्रेस की दिल्ली इकाई ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान वह बूथ स्तर पर कड़ी निगरानी रखेगी, ताकि किसी भी पात्र मतदाता को उसके मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जा सके। दिल्ली के बादली गांव में आयोजित एक बैठक में, बादली विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर-50 के 'बूथ लेवल एजेंट' (बीएलए-2) के रूप में कार्यरत दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने अगले महीने से शुरू होने वाले एसआईआर कवायद से पहले बूथ स्तरीय एजेंटों के साथ बातचीत की।
यादव ने कहा कि पार्टी ने अपने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है कि वे एसआईआर के दौरान कड़ी निगरानी रखें, ताकि प्रक्रिया निष्पक्ष रूप से संचालित हो। उन्होंने कहा, ''हम किसी भी मतदाता को उसके वोट से वंचित नहीं होने देंगे और अपने-अपने बूथ पर कड़ी निगरानी रखेंगे।'' बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा की गई प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए यादव ने दावा किया कि कई मतदाताओं को मतदाता सूची से हटाने के लिए गलत तरीके से चिह्नित किया गया। उन्होंने कहा, ''जांच के दौरान हमने पाया कि कई मतदाता, जिनका नाम मतदाता सूची में रहना चाहिए था, उन्हें हटाने का प्रस्ताव दिया गया था। हमने इन मामलों को पुन: सत्यापन के लिए निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी और उप-विभागीय मजिस्ट्रेट को सौंप दिया है।''