Edited By Pardeep,Updated: 30 Oct, 2026 10:03 PM

चक्रवाती तूफान 'अर्नब' और उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त प्रभाव के कारण राजधानी दिल्ली का मौसम अचानक बदल गया है। शुक्रवार को भोर से लेकर देर शाम तक रुक-रुककर हुई बारिश और सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग...
नई दिल्ली : चक्रवाती तूफान 'अर्नब' और उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त प्रभाव के कारण राजधानी दिल्ली का मौसम अचानक बदल गया है। शुक्रवार को भोर से लेकर देर शाम तक रुक-रुककर हुई बारिश और सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 10.3 डिग्री सेल्सियस कम रहकर 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 75 वर्षों में अक्तूबर महीने में दर्ज किया गया यह अब तक का सबसे कम अधिकतम तापमान है।
दो-दो मौसमी सिस्टम सक्रिय, 35 किमी/घंटे की रफ्तार से चलीं सर्द हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर पंजाब और उसके आसपास के क्षेत्रों में एक पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के साथ सक्रिय बना हुआ है। इसके साथ ही चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के प्रभाव से उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश से उत्तर छत्तीसगढ़ और उससे सटे पूर्वी मध्य प्रदेश तक एक अन्य ट्रफ सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से शुक्रवार सुबह से ही दिल्ली में 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से सर्द हवाएं चलीं, जो कुछ स्थानों पर 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गईं। इस दौरान दिनभर बादल छाए रहे और हल्की बारिश व रिमझिम फुहारों का दौर जारी रहा।
तापमान में भारी गिरावट, राजघाट में दर्ज हुई सबसे ज्यादा बारिश
बारिश और ठंडी हवाओं के कारण पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 4.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले 24 घंटे के मुकाबले दो डिग्री कम है। बारिश के आंकड़ों की बात करें तो शुक्रवार को राजघाट में सर्वाधिक 11 मिलीमीटर और सफदरजंग में 4.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
अक्तूबर में बारिश का रिकॉर्ड; लोगों ने निकाले स्वेटर और जैकेट
अक्तूबर 2026 में अब तक दिल्ली में कुल 123.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो अक्तूबर माह में अब तक की चौथी सर्वाधिक बारिश है। इससे पहले 1954 में 238.3 मिलीमीटर, 1956 में 236.2 मिलीमीटर और 2022 में 128.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी।
तापमान में अचानक आई गिरावट से दिन में भी सर्दी का अहसास होने लगा, जिसके चलते लोगों को स्वेटर, जैकेट और विंडचीटर पहनने पड़े। कनॉट प्लेस, राष्ट्रपति भवन और इंडिया गेट समेत प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पहुंचे पर्यटक छाते और गर्म कपड़ों के साथ घूमते नजर आए, जबकि बाइक सवारों को ठंडी हवाओं के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा।
अगले पांच दिनों में तापमान बढ़ने का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को भी चक्रवाती तूफान 'अर्नब' और पश्चिमी विक्षोभ का हल्का प्रभाव बना रह सकता है। इस दौरान बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। हालांकि, अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने का अनुमान है, जिससे राजधानी के लोगों को मौजूदा ठंड से कुछ राहत मिल सकती है।