Edited By Parveen Kumar,Updated: 07 Jan, 2026 06:05 PM

उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में कड़ाके की सर्दी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शीतलहर और घने कोहरे के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, बिहार, झारखंड सहित कई राज्यों में तापमान सामान्य...
नेशनल डेस्क: उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में कड़ाके की सर्दी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शीतलहर और घने कोहरे के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, बिहार, झारखंड सहित कई राज्यों में तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है। पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक ठंड का असर साफ दिखाई दे रहा है और सुबह-शाम घना कोहरा लोगों की आवाजाही पर भारी पड़ रहा है।
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के साथ-साथ बिहार और झारखंड के कई हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले एक सप्ताह तक मौसम के मिजाज में खास बदलाव के आसार नहीं हैं और सर्दी का असर यूं ही बना रह सकता है। इस बीच कुछ इलाकों में बारिश की भी संभावना जताई गई है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।
कई राज्यों में बारिश के आसार
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। यह सिस्टम आगे चलकर मजबूत हो सकता है और तमिलनाडु, केरल और माहे समेत कई क्षेत्रों को प्रभावित करेगा। इसके चलते 9 और 10 जनवरी को तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं 10 जनवरी को केरल और माहे में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के आसार बने हुए हैं।
कश्मीर घाटी में शून्य से नीचे तापमान
कश्मीर घाटी में शीतलहर का असर और भी ज्यादा गंभीर बना हुआ है। अधिकांश इलाकों में रात का तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य कश्मीर का सोनमर्ग मंगलवार रात जम्मू-कश्मीर का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 10.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में तापमान में हल्का सुधार जरूर देखने को मिला, लेकिन वहां भी न्यूनतम तापमान शून्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। वहीं राजधानी श्रीनगर में रात का तापमान शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जिससे ठंड ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया है।