Edited By rajesh kumar,Updated: 03 Sep, 2023 08:30 PM

कांग्रेस नेता गुलाम अहमद मीर ने रविवार को कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' 2024 के लोकसभा चुनाव एवं विभिन्न राज्यों के आगामी विधानसभा चुनावों में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (राजग) को हरायेगा।
नेशनल डेस्क: कांग्रेस नेता गुलाम अहमद मीर ने रविवार को कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' 2024 के लोकसभा चुनाव एवं विभिन्न राज्यों के आगामी विधानसभा चुनावों में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (राजग) को हरायेगा। मीर ने जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले में कोकरनाग के नगाम इलाके में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा, ‘‘ यह बिल्कुल स्पष्ट है कि (सत्तारूढ़) राजग हताश है क्योंकि उसे ‘इंडिया' गठबंधन से आगे हार नजर आ रही है, जो भारत के 140 करोड़ लोगों की आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करता है।''
कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य मीर ने यह भी कहा, ‘तानाशाही और संसदीय लोकतंत्र पर हमला' राष्ट्र के लिए अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि ‘इंडिया' गठबंधन के खिलाफ फैलाया गया दुष्प्रचार वास्तविकता को नहीं बदलेगा या “राजग की विफलताओं और जन-विरोधी नीतियों को नहीं छिपा पाएगा, जो अत्यधिक बेरोजगारी, सार्वजनिक धन की लूट और देश व जनता के हित की कीमत पर राजग से जुड़े कुछ कॉरपोरेट को सशक्त बनाने की लालसा के लिए जिम्मेदार हैं।”
उन्होंने कहा कि केंद्र के सत्तारूढ गठबंधन ने लोगों को अंधकार में पहुंचा दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘लोग बदलाव चाहते हैं, ‘इंडिया' गठबंधन सुनिश्चित करेगा कि सभी भारतीयों की बेहतरी, समृद्धि और समान विकास के लिए बदलाव हो।''