Edited By Pardeep,Updated: 19 Mar, 2026 11:26 PM

कांग्रेस ने नौ अप्रैल को होने वाले केरल विधानसभा चुनाव के लिए 37 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची बृहस्पतिवार को जारी की। कांग्रेस ने कन्नूर विधानसभा सीट से टी ओ मोहनन को मैदान में उतारा है, जहां से वरिष्ठ नेता के सुधाकरन पार्टी का टिकट पाने की कोशिश...
नेशनल डेस्कः कांग्रेस ने नौ अप्रैल को होने वाले केरल विधानसभा चुनाव के लिए 37 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची बृहस्पतिवार को जारी की। कांग्रेस ने कन्नूर विधानसभा सीट से टी ओ मोहनन को मैदान में उतारा है, जहां से वरिष्ठ नेता के सुधाकरन पार्टी का टिकट पाने की कोशिश कर रहे थे। सुधाकरन कन्नूर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद हैं।
कांग्रेस की दूसरी सूची में नामित अन्य उम्मीदवारों में उडुमा से के नीलकंदन, त्रिकारीपुर से संदीप वेरियर, कल्लियासेरी से राजीवन कप्पाचेरी और मट्टनूर से चंद्रन थिलेनकेरी शामिल हैं। टी पी शाजी को पट्टांबी से, पी हरिगोविंदन को शोरनुर से और अजय मोहन को कुन्नमकुलम से मैदान में उतारा गया है। कांग्रेस ने मंगलवार को केरल चुनाव के लिए 55 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी।
विपक्षी दल ने केरल में जिन 92 सीट पर चुनाव लड़ रहा है, उन सभी के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की ओर से रुचि दिखाये जाने के संकेत मिलने के बावजूद, केरल विधानसभा चुनाव के लिए किसी भी सांसद को उम्मीदवार नहीं बनाया गया है।