Edited By Prachi Sharma,Updated: 10 Feb, 2026 01:05 PM

Shri Neem Karori Baba Kainchi Dham : कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए जल्द ही राहत भरी खबर मिलने वाली है। यहां तक पहुंचने वाले मार्ग पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए सरकार की ओर से बाईपास निर्माण की योजना पर तेजी से काम किया...
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Shri Neem Karori Baba Kainchi Dham : कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए जल्द ही राहत भरी खबर मिलने वाली है। यहां तक पहुंचने वाले मार्ग पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए सरकार की ओर से बाईपास निर्माण की योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है। सेनिटोरियम से रातीघाट तक प्रस्तावित लगभग 19 किलोमीटर लंबे बाईपास मार्ग पर एक 75 मीटर लंबा पुल भी बनाया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने करीब 10.28 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेज दी है। साथ ही, सड़क निर्माण के दौरान आने वाले पेड़ों की छंटाई और कटान को लेकर वन विभाग से पत्राचार किया गया है।
पिछले कुछ वर्षों में कैंची धाम में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ी है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग यहां दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, जिनमें कई प्रसिद्ध हस्तियां भी शामिल हैं। बढ़ते यातायात दबाव के कारण मुख्य मार्ग पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। इसी समस्या को देखते हुए बाईपास निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।
योजना के तहत भवाली सेनिटोरियम से रातीघाट तक करीब 19 किलोमीटर लंबा बाईपास तैयार किया जाना है। इसमें से सेनिटोरियम से दूनीखाल तक लगभग आठ किलोमीटर सड़क पहले ही बन चुकी है। शेष करीब 11 किलोमीटर मार्ग के निर्माण को भी मंजूरी मिल गई है। लोक निर्माण विभाग ने सड़क कटान, सुरक्षा दीवारों के निर्माण और डामरीकरण से जुड़ी परियोजना रिपोर्ट पहले ही शासन को भेज दी थी। अब पुल निर्माण से संबंधित डीपीआर भी तैयार कर ली गई है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, वन भूमि हस्तांतरण की अनुमति मिलने के बाद सड़क कटिंग के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी, लेकिन पंचायत चुनावों के कारण टेंडर नहीं खुल पाए। इसके बावजूद अन्य जरूरी कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है ताकि परियोजना को जल्द पूरा किया जा सके। 11 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए करीब दो हजार पेड़ों को चिह्नित किया गया है। इनके छंटाई और कटान की अनुमति के लिए वन विभाग को पत्र भेज दिया गया है।
बाईपास के बन जाने से कैंची धाम आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को जाम से राहत मिलेगी और यात्रा अधिक सुगम और सुरक्षित हो सकेगी।