Edited By Parveen Kumar,Updated: 16 Aug, 2025 09:18 PM

मुंबई और आसपास के इलाकों में हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण सड़कों पर जलजमाव, परिवहन सेवाएं बाधित और कई स्थानों पर भूस्खलन जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। मौसम विभाग ने मुंबई समेत महाराष्ट्र के...
नेशनल डेस्क: मुंबई और आसपास के इलाकों में हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण सड़कों पर जलजमाव, परिवहन सेवाएं बाधित और कई स्थानों पर भूस्खलन जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। मौसम विभाग ने मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है।
यह भी पढ़ें: जरूरी खबर: आज रात से बंद होने जा रही... प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
भारी बारिश से मुंबई की रफ्तार थमी
मुंबई के कुर्ला, चेंबूर, अंधेरी, गांधी मार्केट और मिलान सबवे जैसे इलाकों में भारी जलभराव देखने को मिला। शुक्रवार देर रात से सुबह तक हुई रिकॉर्ड बारिश से रेलवे ट्रैक और पार्किंग एरिया तक पानी में डूब गए। लोगों को ऑफिस और अन्य जरूरी कामों के लिए निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बीएमसी (BMC) ने लोगों से अपील की है कि जब तक बहुत जरूरी न हो, घर से बाहर न निकलें।
यह भी पढ़ें: प्रेमानंद जी महाराज से आशीर्वाद लेने पहुंचे जादूगर शंकर सम्राट, गुरू जी को दिखाए अपने करतब
विक्रोली में लैंडस्लाइड, दो की मौत
मुंबई के विक्रोली पार्क क्षेत्र में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की घटना हुई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं। घटना के बाद राहत व बचाव कार्य तेजी से चलाया गया।
इन जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट
- रेड अलर्ट: मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, पालघर
- ऑरेंज अलर्ट: पुणे, नासिक, गढ़चिरौली, सतारा, जलगांव
मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी पर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण बारिश और तेज हो सकती है। 17 अगस्त को मुंबई और ठाणे में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
पालघर और रायगढ़ में भी अलर्ट
पालघर में रविवार से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। रायगढ़ में स्थिति गंभीर हो सकती है, इसलिए वहां के लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें: अब स्कूल टीचर छुड़ाएंगे बच्चों में मोबाइल की लत, शिक्षकों को दी गई खास ट्रेनिंग
अमरावती में बादल फटा, किसानों को भारी नुकसान
अमरावती जिले के चांदूरबाजार तहसील के सराफापुर और करोड़ी गांवों में बादल फटने जैसी बारिश से कई घरों में पानी घुस गया। संतरे के बागों में पेड़ गिर गए, और फलों का भारी नुकसान हुआ। किसानों को लाखों रुपये की क्षति का अंदेशा है। कई बागों में संतरे सड़ने लगे हैं, जिससे फसल पूरी तरह बर्बाद होने का खतरा बढ़ गया है।
लोगों के लिए जरूरी सलाह
- मौसम विभाग और प्रशासन की सलाह का पालन करें।
- जलजमाव वाले इलाकों में जाने से बचें।
- जरूरी सामान और दस्तावेज सुरक्षित स्थान पर रखें।
- बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
- मौसम अपडेट के लिए स्थानीय प्रशासन या मौसम विभाग की वेबसाइट पर नज़र रखें।