Edited By Mansa Devi,Updated: 28 Feb, 2026 12:18 PM

अब आधार पीवीसी कार्ड मंगवाने के लिए संबंधित आधार से मोबाइल नंबर लिंक होना जरूरी नहीं है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण यानी Unique Identification Authority of India (UIDAI) की ऑनलाइन सुविधा के जरिए कोई भी व्यक्ति किसी भी सक्रिय मोबाइल नंबर का उपयोग...
नेशनल डेस्क: अब आधार पीवीसी कार्ड मंगवाने के लिए संबंधित आधार से मोबाइल नंबर लिंक होना जरूरी नहीं है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण यानी Unique Identification Authority of India (UIDAI) की ऑनलाइन सुविधा के जरिए कोई भी व्यक्ति किसी भी सक्रिय मोबाइल नंबर का उपयोग कर अपने या परिवार के सदस्यों के लिए आधार पीवीसी कार्ड ऑर्डर कर सकता है।
75 रुपये में घर बैठे ऑर्डर
पीवीसी आधार कार्ड ऑनलाइन मात्र 75 रुपये (जीएसटी और स्पीड पोस्ट शुल्क सहित) में मंगाया जा सकता है। कई लोगों को भ्रम रहता है कि ऑर्डर करते समय वही मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा जो आधार से लिंक है, जबकि ऐसा नहीं है। मोबाइल नंबर का उपयोग केवल ओटीपी प्राप्त करने और भुगतान सत्यापन के लिए किया जाता है।
मोबाइल नंबर की क्या भूमिका है?
ऑनलाइन आवेदन के दौरान दर्ज किया गया मोबाइल नंबर आधार डेटाबेस से मिलान नहीं किया जाता। यह सिर्फ यह सुनिश्चित करता है कि ऑर्डर वास्तविक उपयोगकर्ता द्वारा किया जा रहा है। यानी एक ही मोबाइल नंबर से परिवार के अलग-अलग सदस्यों के लिए अलग-अलग आवेदन किए जा सकते हैं, बशर्ते उनके आधार विवरण उपलब्ध हों।
आवेदन से पहले रखें ये जानकारी तैयार
- संबंधित व्यक्ति का आधार नंबर, वर्चुअल आईडी या एनरोलमेंट आईडी
- आधार में पहले से दर्ज नाम और पता (जैसा रिकॉर्ड में है, वैसा ही प्रिंट होगा)
- ओटीपी प्राप्त करने और ऑनलाइन भुगतान करने के लिए सक्रिय मोबाइल नंबर
ऑर्डर की प्रक्रिया
UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पीवीसी आधार कार्ड ऑर्डर विकल्प चुनें। आधार नंबर/वीआईडी दर्ज करें और ‘नॉन-रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर’ पर ओटीपी पाने का विकल्प चुनें। ओटीपी सत्यापन के बाद विवरण जांचें। 75 रुपये का ऑनलाइन भुगतान करें। भुगतान के बाद सर्विस रिक्वेस्ट नंबर (SRN) प्राप्त होगा, जिससे आवेदन ट्रैक किया जा सकता है। हर आधार कार्ड के लिए अलग आवेदन और अलग भुगतान करना होगा।
डिलीवरी और ट्रैकिंग
प्रत्येक ऑर्डर का अपना एसआरएन होता है। अलग-अलग कार्ड अलग समय पर पहुंच सकते हैं। आमतौर पर डिलीवरी में लगभग एक सप्ताह का समय लगता है, हालांकि स्थान के अनुसार समय बदल सकता है।
किन लोगों के लिए उपयोगी?
यह सुविधा उन परिवारों के लिए खास तौर पर मददगार है जहां एक व्यक्ति सभी डिजिटल कार्य संभालता है। बच्चों या बुजुर्गों के पास मोबाइल नंबर न होने की स्थिति में भी आसानी से पीवीसी कार्ड मंगाया जा सकता है। एक सक्रिय मोबाइल नंबर और आवश्यक आधार विवरण के साथ पूरे परिवार के लिए पीवीसी आधार कार्ड ऑर्डर करना अब पहले से कहीं अधिक आसान हो गया है।