Edited By ,Updated: 31 Oct, 2015 10:32 PM

मिस्र के सिनाई प्रायद्वीप के पहाड़ी इलाके में आज एक रूसी एयरबस विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से विमान में सवार सभी 224 लोग मारे गए
काहिरा: मिस्र के सिनाई प्रायद्वीप के पहाड़ी इलाके में आज एक रूसी एयरबस विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से विमान में सवार सभी 224 लोग मारे गए जिनमें चालक दल के सात सदस्य भी शामिल हैं। आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट ने विमान को मार गिराने का दावा किया है।
मिस्र के सुरक्षा अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की कि विमान में सवार 217 यात्रियों और चालक दल के सात सदस्यों में से कोई जीवित नहीं बचा। यात्रियों में 214 रूसी और तीन यूक्रेन के नागरिक थे। अधिकारियों ने बताया कि अब तक दुर्घटनास्थल से बरामद 100 से अधिक शवों में से ज्यादातर जले हुए हैं। उन्होंने बताया कि विमान का मलबा उत्तरी सिनाई शहर एल आरिश से करीब 100 किलोमीटर दूर दक्षिण में मिला।
विमान का मलबा उसके ब्लैक बॉक्स सहित हसाना इलाके में पाया गया। एक अधिकारी ने हादसा स्थल का ‘‘मार्मिक दृश्य ’’ बताया जहां पीड़ितों के शव अभी भी सीट बेल्ट से बंधे हुए थे। सूत्रों ने बताया कि शर्म अल-शेख के रेड सी रिसॉर्ट से एयरबस ए321 के आज सेंट पीटर्सबर्ग के लिए उड़ान भरने के 23 मिनट बाद ही मिस्र के एटीसी के साथ उसका संपर्क टूट गया। सिनाई में घातक बगावत छेडऩे वाले इस्लामिक स्टेट आतंकवादी समूह ने विमान को मार गिराने का दावा किया है लेकिन यह नहीं बताया कि कैसे?
संगठन ने कहा है, ‘‘ खिलाफत के सैनिकों ने रूसी विमान को गिराने में सफलता हासिल की।’’ उसने इसे सीरिया में आईएस पर रूस के हवाई हमलों का बदला करार दिया है। हालांकि रूसी परिवहन मंत्री ने इंटरफैक्स संवाद समिति को बताया कि आईएस के दावे को ‘‘सही नहीं माना जा सकता।’’ विमान हादसे के लिए कोई सरकारी जवाब नहीं मिला है लेकिन सुरक्षा और विमानन अधिकारियों द्वारा किए गए शुरूआती आकलन से संकेत मिलते हैं कि विमान ‘तकनीकी कारणों’’ से हादसे का शिकार हुआ।