Edited By Rohini Oberoi,Updated: 21 Aug, 2025 10:13 AM

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को उस वक्त हमला हुआ जब वह सिविल लाइंस स्थित अपने आवास पर जनसुनवाई कर रही थीं। एक शख्स ने उनपर हमला कर दिया जिससे उनकी सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। इस हमले में मुख्यमंत्री को मामूली चोटें आई हैं।...
नेशनल डेस्क। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को उस वक्त हमला हुआ जब वह सिविल लाइंस स्थित अपने आवास पर जनसुनवाई कर रही थीं। एक शख्स ने उनपर हमला कर दिया जिससे उनकी सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। इस हमले में मुख्यमंत्री को मामूली चोटें आई हैं। दिल्ली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हमलावर को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानिए क्या है पूरा मामला
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बुधवार को अपने आवास पर लोगों की समस्याएं सुन रही थीं। इसी दौरान एक शख्स जो अर्जी लेकर आया था उसने उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावर ने पहले मुख्यमंत्री पर पत्थर फेंकने की कोशिश की और फिर उन्हें कथित तौर पर थप्पड़ मारने का प्रयास किया। मुख्यमंत्री पर हमले की खबर से सीएम आवास पर अफरातफरी मच गई। हमले के बाद सीएम आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दिल्ली के पुलिस कमिश्नर भी मौके पर पहुंचे हैं।
यह भी पढ़ें: Child marriage In India: इन राज्यों में आज भी हो रहे हैं बाल विवाह, सिर्फ इतनी उम्र में ही कर दी जाती हैं शादियां
कौन-सी सुरक्षा मिलती है सीएम को?
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद गृह मंत्रालय ने जेड (Z) श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है। यह सुरक्षा उनके शपथ ग्रहण के तुरंत बाद लागू की गई थी। जेड श्रेणी की सुरक्षा में करीब 22-25 सुरक्षाकर्मी होते हैं। इसमें पीएसओ, एस्कॉर्ट्स, वॉचर्स और करीब 8 हथियारबंद गार्ड शामिल होते हैं। भारत में यह सुरक्षा प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री जैसे लोगों को उनके खतरे के स्तर के आधार पर दी जाती है। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को भी जेड श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई थी।
यह भी पढ़ें: FB-Insta Ban: इस देश में बैन होने जा रहे हैं इंस्टाग्राम, फेसबुक और टिकटॉक, जानें क्यों लिया गया यह बड़ा फैसला?
हमलावर से हो रही है पूछताछ
दिल्ली पुलिस की टीमें हिरासत में लिए गए आरोपी से पूछताछ कर रही हैं। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसने यह हमला क्यों किया। इस घटना पर दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव समेत कई नेताओं ने कड़ी निंदा की है।