Edited By Mansa Devi,Updated: 28 Feb, 2026 11:35 AM

मार्च 2026 की शुरुआत के साथ ही आम लोगों की जेब पर असर डालने वाले कई नियमों में बदलाव लागू होने जा रहे हैं। रसोई गैस की कीमतों से लेकर रेलवे टिकट बुकिंग, डिजिटल पेमेंट और बैंकिंग नियमों तक, नए महीने में कई अहम परिवर्तन देखने को मिल सकते हैं।
नेशनल डेस्क: मार्च 2026 की शुरुआत के साथ ही आम लोगों की जेब पर असर डालने वाले कई नियमों में बदलाव लागू होने जा रहे हैं। रसोई गैस की कीमतों से लेकर रेलवे टिकट बुकिंग, डिजिटल पेमेंट और बैंकिंग नियमों तक, नए महीने में कई अहम परिवर्तन देखने को मिल सकते हैं। आइए जानते हैं किन-किन क्षेत्रों में बदलाव संभावित हैं।
LPG कीमतों पर नजर
हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी दरों की समीक्षा की जाती है। हाल के महीनों में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दामों में उतार-चढ़ाव देखा गया है, जबकि घरेलू रसोई गैस की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। पिछले महीने कमर्शियल सिलेंडर करीब 49 रुपये महंगा हुआ था। मार्च में भी कंपनियां कीमतों में संशोधन कर सकती हैं।

रेलवे टिकट बुकिंग में बदलाव
1 मार्च 2026 से रेलवे यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग प्रक्रिया में परिवर्तन हो सकता है। खबर है कि Indian Railways का पुराना UTS ऐप चरणबद्ध तरीके से बंद किया जाएगा और उसकी जगह नया RailOne ऐप पूरी तरह लागू होगा। इस प्लेटफॉर्म पर जनरल टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट और लोकल यात्रा से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

Sim बाइंडिंग नियम
डिजिटल धोखाधड़ी पर रोक लगाने के उद्देश्य से सरकार 1 मार्च से सिम बाइंडिंग का नया प्रावधान लागू कर सकती है। प्रस्तावित नियमों के तहत WhatsApp, Telegram और Signal जैसे मैसेजिंग ऐप्स सीधे मोबाइल सिम से जुड़े रहेंगे। सिम हटाने या बदलने की स्थिति में इन ऐप्स की सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
UPI भुगतान में अतिरिक्त सुरक्षा
डिजिटल लेन-देन को और सुरक्षित बनाने के लिए 1 मार्च से हाई-वैल्यू ट्रांजैक्शन पर अतिरिक्त सुरक्षा लागू की जा सकती है। फिलहाल बड़ी रकम के ट्रांसफर के लिए केवल UPI पिन की जरूरत होती है, लेकिन आगे बैंक बायोमेट्रिक या मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन को अनिवार्य कर सकते हैं।

बैंक खातों में मिनिमम बैलेंस नियम
सरकारी बैंकों द्वारा न्यूनतम शेष राशि के नियमों में भी बदलाव की तैयारी है। नई व्यवस्था के तहत एक दिन की कमी पर जुर्माना लगाने के बजाय औसत मासिक बैलेंस के आधार पर पेनल्टी तय की जा सकती है, जिससे ग्राहकों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
CNG, PNG और ATF दरें
हर महीने की शुरुआत में पेट्रोलियम कंपनियां सीएनजी, पीएनजी और एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों की समीक्षा करती हैं। मार्च की पहली तारीख को इन दरों में भी संशोधन संभव है, जिसका असर परिवहन और हवाई यात्रा लागत पर पड़ सकता है।