Edited By Anu Malhotra,Updated: 21 Jun, 2025 12:31 PM

उत्तर प्रदेश की औद्योगिक पहचान को एक नई उड़ान देने वाली यमुना फिल्म सिटी परियोजना एक बार फिर रफ्तार पकड़ रही है। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-21 में बन रही इस फिल्म सिटी की 750 एकड़ जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी गई है। इस मेगा प्रोजेक्ट...
नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश की औद्योगिक पहचान को एक नई उड़ान देने वाली यमुना फिल्म सिटी परियोजना एक बार फिर रफ्तार पकड़ रही है। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-21 में बन रही इस फिल्म सिटी की 750 एकड़ जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी गई है। इस मेगा प्रोजेक्ट को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट माना जा रहा है, जिससे न केवल राज्य की आर्थिक सूरत बदलेगी, बल्कि फिल्म निर्माण की दुनिया को भी एक नया केंद्र मिलेगा।
1000 एकड़ में बनेगी आधुनिक फिल्म सिटी, 230 एकड़ का काम पूरा
यमुना सिटी में 1000 एकड़ में प्रस्तावित इस फिल्म सिटी की 230 एकड़ जमीन का अधिग्रहण पहले ही हो चुका है। इस भूमि को बॉलीवुड फिल्म निर्माता बोनी कपूर की कंपनी बेब्यू भूटानी को आवंटित किया गया है। अब शेष 750 एकड़ जमीन के अधिग्रहण के लिए किसानों से आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं, जिसके लिए 15 दिन का समय तय किया गया है। समयसीमा पूरी होते ही अगला चरण शुरू कर दिया जाएगा।
8 साल में तैयार होगी फिल्म सिटी, बदलेगा यमुना सिटी का चेहरा
प्राधिकरण का लक्ष्य है कि इस पूरे प्रोजेक्ट को आठ वर्षों में पूर्ण कर लिया जाए। फिल्म सिटी के पूरा होते ही यमुना सिटी में भारी निवेश आने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके साथ ही, शूटिंग के चलते आसपास का लाइफस्टाइल, पर्यटन और रोजगार के अवसर भी तेजी से बढ़ेंगे।
ग्रीन बेल्ट, स्टूडियो, यूनिवर्सिटी – सब कुछ एक ही छत के नीचे
सेक्टर-21 में बन रही इस फिल्म सिटी में 26 एकड़ में ग्रीन बेल्ट, 54 एकड़ में फिल्म स्टूडियो, और शूटिंग के लिए एक विशेष विश्वविद्यालय समेत अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं बनाई जाएंगी। इससे यमुना सिटी केवल एक रियल एस्टेट हब नहीं, बल्कि भारत के फिल्म सेक्टर का नया केंद्र बन सकता है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से भी मिलेगा बूस्ट
यमुना क्षेत्र में एशिया का सबसे बड़ा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहले ही बन रहा है। ऐसे में एयरपोर्ट और फिल्म सिटी एक-दूसरे को लॉजिस्टिक और इन्फ्रास्ट्रक्चर सपोर्ट देंगे, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई रफ्तार मिलेगी।
चलती रहेगी शूटिंग, जारी रहेगा निर्माण कार्य
पहले चरण की 230 एकड़ जमीन पर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इस भूमि पर बुनियादी ढांचे के साथ शूटिंग की गतिविधियां भी 1-2 साल में शुरू हो सकती हैं। इसके बाद 750 एकड़ के अधिग्रहण और विकास के साथ यह प्रोजेक्ट देश की सबसे बड़ी फिल्म सिटीज में शुमार हो जाएगा।